बरेली। फतेहगंज पश्चिमी स्थित उड़ान ग्लोबल स्कूल का मैदान तीन दिनों तक खेल रोमांच से गूंजता रहा, जहां आयोजित 7वीं सिस्टोबाल नेशनल चैंपियनशिप ने देशभर के खेल प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। महिला और पुरुष वर्ग में खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
महिला वर्ग में हरियाणा की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुए पहले सेमीफाइनल में पंजाब को 22-16 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में कर्नाटक ने बिहार को 32-12 से मात दी। फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए कर्नाटक को 24-08 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पुरुष वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। सेमीफाइनल में पंजाब ने मुंबई को 58-32 से जबकि हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 48-40 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में पंजाब की टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर हरियाणा को 58-32 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में पुरुष वर्ग के बेस्ट अटैकर का खिताब पंजाब के रवि, महिला वर्ग की बेस्ट अटैकर कर्नाटक की श्रेया, पुरुष वर्ग के बेस्ट डिफेंसर उत्तर प्रदेश के जीतू तथा महिला वर्ग की बेस्ट डिफेंसर हरियाणा की पायल को प्रदान किया गया।
समापन समारोह में बरेली सिस्टोंबाल के सेक्रेटरी सुमित शर्मा, अध्यक्ष रिजवान अंसारी और ट्रेजरर अमित कुमार कौशिक ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी एवं आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया।
यह आयोजन न सिर्फ खेल प्रतिभाओं के लिए मंच बना, बल्कि फतेहगंज पश्चिमी को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान भी दिला गया।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली