फतेहगंज पश्चिमी। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) के खिलाफ की गई शिकायत के बाद शुक्रवार को जिला प्रशासन की उच्चस्तरीय टीम जांच के लिए फतेहगंज पश्चिमी पहुंची। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद से की गई शिकायत के क्रम में एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम न्यायिक देश दीपक सिंह एवं एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर जांच पड़ताल की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यालय में मौजूद अभिलेखों और पत्रावलियों को तलब कर उनका परीक्षण किया। इसके साथ ही ईओ, शिकायतकर्ता भाजपा नेता आशीष अग्रवाल तथा संबंधित व्यापारियों के मौखिक एवं लिखित बयान दर्ज किए गए। बयान दर्ज करने के उपरांत टीम ने विवादित स्थल पर पहुंचकर व्यापारी राहुल गुप्ता की दुकान का भी निरीक्षण किया।
एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह ने बताया कि मामले से जुड़े सभी पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मौके का निरीक्षण भी किया गया है। जांच प्रक्रिया अभी जारी है, जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी जाएगी।
गौरतलब है कि बीते वर्ष 21 नवंबर को नगर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान ईओ पुष्पेंद्र राठौर, व्यापारी राहुल गुप्ता और भाजपा नेता आशीष अग्रवाल के बीच तीखी झड़प हुई थी। इस दौरान ईओ ने भाजपा नेता के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, दस्तावेज फाड़ने और मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं व्यापारी द्वारा लगाए गए दो लाख रुपये की मांग के आरोप में ईओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
इस पूरे मामले पर ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जांच वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है और सभी कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली