खबर रामदेवरा जैसलमेर ITN न्यूज चैनल रिपोर्टर लक्ष्मण राम
सीवरेज लाइन, इंटरलॉकिंग सड़कें, फुटपाथ और सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
धार्मिक स्थल रामदेवरा में विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
रामदेवरा। धार्मिक नगरी रामदेवरा में देशभर से प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु बाबा रामदेव के दर्शन के लिए पहुँच रहे हैं। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यहां मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत रामदेवरा द्वारा एक व्यापक विकास योजना तैयार की गई थी, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के अंतर्गत करीब 10.5 करोड़ रुपये की लागत से रामदेवरा में विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने से विशेष रूप से सीवरेज की समस्या का समाधान होगा तथा यातायात और सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
शीघ्र शुरू होंगे विकास कार्य
रामदेवरा प्रशासक एवं सरपंच समंदर सिंह तंवर ने बताया कि हाल ही में जिला मुख्यालय जैसलमेर में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, जिला कलेक्टर प्रताप सिंह, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में रामदेवरा को और अधिक सुंदर एवं सुविधाजनक बनाने के लिए विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि इस योजना में ग्राम पंचायत की ओर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की शेष राशि शामिल की गई है, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के सहयोग से अन्य राशि जुटाई जाएगी। शेष राशि राज्य सरकार द्वारा श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के तहत आवंटित की जाएगी। सभी कार्य जिला परिषद जैसलमेर के माध्यम से उच्च गुणवत्ता के साथ करवाए जाएंगे।
इन मार्गों पर बिछेगी सीवरेज लाइन
रामदेवरा में गंदे पानी की निकासी एक बड़ी समस्या रही है। इसके समाधान हेतु:
रेलवे स्टेशन से अहमदाबाद धर्मशाला तक सड़क के दोनों ओर
रेलवे स्टेशन से नोखा धर्मशाला होते हुए जैन मंदिर तक
श्री रामनाथ अस्पताल के सामने से आगे तक
सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त, जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रस्तावित है, वहां गंदे पानी के शोधन के लिए अत्याधुनिक ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। शुद्ध किए गए पानी का उपयोग अन्य कार्यों में किया जाएगा।
अतिक्रमण रोकने के लिए इंटरलॉकिंग सड़कें
पूर्व में हटाए गए अतिक्रमण दोबारा न हों, इसके लिए प्रमुख सड़कों के दोनों ओर 15-15 फीट चौड़ी इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी। इससे सड़क चौड़ी होगी और पैदल यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
25 लाख की लागत से लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
रामदेवरा के प्रमुख चौराहों और सड़क मार्गों पर 25 लाख रुपये की लागत से उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और पुलिस को निगरानी में सहायता मिलेगी। अपराधी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
क्या कहते हैं सरपंच
सरपंच समंदर सिंह तंवर ने कहा कि रामदेवरा के समग्र विकास को लेकर विशेष कार्य योजना तैयार की गई है। इसके तहत 10.5 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य करवाए जाएंगे, जिससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। भविष्य में और भी विकास कार्य प्रस्तावित किए जाएंगे।