⏺️ नागरिक सुरक्षा एवं जन-विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से टीकमगढ़ पुलिस का विशेष प्रभात गश्ती अभियान
जिला ब्यूरो चीफ जावेद अली टीकमगढ़
टीकमगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा नागरिकों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं भरोसेमंद वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में आज प्रातः सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक विशेष प्रभात गश्ती अभियान का प्रभावी संचालन किया गया।
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाह एवं एसडीओपी टीकमगढ़/जतारा के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय एवं समन्वित सहभागिता सुनिश्चित की गई।
प्रभात गश्त के अंतर्गत धार्मिक स्थलों, प्रमुख बाजार क्षेत्रों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की विधिवत जांच की गई तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा—
“पुलिस का प्राथमिक दायित्व अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करते हुए आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना है। टीकमगढ़ पुलिस हर समय जनता की सुरक्षा के लिए सतर्क एवं प्रतिबद्ध है, ताकि नागरिक अपने दैनिक जीवन एवं पर्व-त्योहारों को निर्भय, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में व्यतीत कर सकें।”
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा अवगत कराया गया कि यह विशेष प्रभात गश्ती अभियान आगामी दिनों में भी नियमित रूप से संचालित किया जाएगा, जिससे जिले में सुरक्षा व्यवस्था, जन-विश्वास तथा सामाजिक सौहार्द को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
टीकमगढ़ जिला पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।