⏺️ जिलेभर में बैंक–एटीएम सुरक्षा अभियान, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सघन चेकिंग
जिला ब्यूरो चीफ जावेद अली टीकमगढ़
पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा, पुलिस महानिरीक्षक सागर रेंज डॉ. हिमानी खन्ना एवं डीआईजी छतरपुर रेंज श्री विजय खत्री के निर्देशानुसार जिले में आर्थिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु टीकमगढ़ पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत स्थित बैंकों एवं एटीएम में आकस्मिक निरीक्षण एवं सुरक्षा चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान का उद्देश्य बैंक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करना तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यह कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाह एवं एसडीओपी टीकमगढ़/जतारा के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत जिलेभर में बैंकों एवं एटीएम की नियमित रूप से चेकिंग की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 16 जनवरी 2026 को थाना कुढ़ीला पुलिस द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों का सुरक्षा निरीक्षण किया गया। इस दौरान बैंक स्टाफ से संवाद कर आवश्यक सुरक्षा दिशा-निर्देश दिए गए तथा बैंक में उपस्थित नागरिकों को भी सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
चेकिंग के दौरान बैंक परिसरों एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच, सुरक्षा गार्ड एवं बैंक कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना, आपातकालीन स्थिति में नजदीकी थाना/चौकी से संपर्क हेतु आवश्यक नंबर उपलब्ध कराना तथा आमजन को सतर्कता बरतने की समझाइश दी गई।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा इस प्रकार की सुरक्षा संबंधी कार्यवाही जिलेभर में नियमित रूप से जारी रहेगी, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।