रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि प्रदेश सरकार के लिए सड़क, बिजली और पानी सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। सरकार का संकल्प है कि कोई भी गांव विकास से अछूता न रहे। उक्त विचार उन्होंने बुधवार को दिमनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सींगपुरा, सुनावली एवं जालौनी में आंगनबाड़ी भवन, सीसी खरंजा, सामुदायिक भवन, शांतिधाम तथा विभिन्न सड़कों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रमों के दौरान व्यक्त किए।
विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब किसान खुशहाल होगा, तभी प्रदेश और देश खुशहाल होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में विकास कार्य और अधिक गति पकड़ेंगे, जिसके लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से न केवल ग्रामवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि आवागमन भी सुगम होगा। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में ग्राम पंचायतों में और अधिक जनहितकारी कार्य कराए जाएंगे।
इस अवसर पर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, जनपद अध्यक्ष अंबाह मधुरिमा तोमर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, पूर्व विधायक बलवीर डंडोतिया सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इन विकास कार्यों का किया गया लोकार्पण एवं भूमिपूजन विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने दिमनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सींगपुरा में सींगपुरा बम्बा से किर्रायच मार्ग तक 2 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से 4 किलोमीटर लंबी सड़क का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने 11 लाख 92 हजार रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन, 2 लाख 93 हजार रुपये की लागत से सीसी खरंजा का लोकार्पण, 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन तथा 3 लाख रुपये की लागत से शांतिधाम का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
इसी प्रकार विधानसभा अध्यक्ष ने ग्राम सुनावली में सुनावली से कुकथरी तक 1 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से 3 किलोमीटर लंबी सड़क का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम कुकथरी में 9 लाख रुपये एवं 7 लाख 40 हजार रुपये की लागत से नाला निर्माण, 7 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन, 3 लाख 24 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड तथा 5 लाख 63 हजार रुपये की लागत से दूसरी सीसी रोड का लोकार्पण किया।
विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने ग्राम जालौनी में थरा से जालौनी मार्ग तक 3 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से 4.50 किलोमीटर लंबी सड़क का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
Narendra Singh Tomar Shiv Mangal Singh Tomar