महान देशभक्त एवं स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय जयंती पर पंजाब नेशनल बैंक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
डबवाली( अजय कुमार अमलोह)
‘शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मिटने वालों का यही बाकी निशां होगा’ जैसे देश भक्ति के नारों की गूंज में स्थानीय पंजाब नैशनल बैंक की मुख्य शाखा में महान स्वतंत्रता सेनानी, देशभक्त एवं पंजाब नेशनल बैंक के संस्थापक लाला लाजपत राय की जयंती के अवसर पर शहर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा उन द्वारा स्वतंत्रता आंदोलन में दिए गए अहम योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शाखा अध्यक्ष महेश कुमार के सानिध्य एवं वरिष्ठ शाखा प्रबंधक (करंसी चेस्ट)आशीष गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सह प्रबंधक अमन सुखीजा, सह प्रबंधक राम प्रताप, कृषि अधिकारी बलविंद्र सिंह ने इस अवसर पर पहुंचे विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों का स्वागत किया। सभा में मुख्यातिथि अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय संरक्षक सदस्य प्रीतम बांसल एवं शाखा अध्यक्ष दिनेश गुप्ता टिंकू ने लाला लाजपत राय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रत्येक भारतीय नागरिक को लाला जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र और समाज की सेवा करने में अहम भूमिका अदा करनी चाहिए।
इस अवसर पर रि. एजीएम परमजीत कोचर, वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल एवं श्री ब्राह्मण सभा के महामंत्री मोहन लाल कौशिक ने भी लाला जी के जीवन पर अपने विचार रखे। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला ने लाला जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि लाला जी ने अपने जीवन काल में गुलाम भारत को आजाद करवाने में अहम योगदान दिया। उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक एवं अन्य शिक्षण संस्थाओं की स्थापना की। उन द्वारा स्थापित पंजाब नेशनल बैंक आज ग्रामीण आंचल से लेकर देश के सभी महानगरों में अपने व्यापार के साथ-साथ समय समय पर लाला जी की स्मृति में सामाजिक प्रकल्पों का आयोजन कर देशवासियों को सुविधाएं प्रदान कर रहा है। यही कारण है कि आज पंजाब नेशनल बैंक राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है।
इस अवसर पर विख्यात उद्योगपति लाभ सिंह, प्रमुख समाजसेवी प्यारे लाल सेठी, श्री पीरखाना प्रबंधक कमेटी के प्रतिनिधि सुरेश जिंदल पटवारी,एआईएकेपीसी के प्रतिनिधि टीकम जग्गा, डा. प्रेम गोयल, रि. कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुखवंत सिंह चीमा, श्री अग्रवाल महासभा के कोषाध्यक्ष सोमनाथ धुनिकां, मा. बृज लाल सिंगला, पेट्रो डीलर हरबंस लाल भद्र एवं डबवाली शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन गर्ग उपस्थित थे। सभा का समापन राष्ट्रीय गान एवं लड्डू वितरण के साथ किया गया।