सहारनपुर
थाना कुतुबशेर क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन आवास की पुरानी छत गिरने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासनिक अधिकारी एवं बसपा और असपा के पदाधिकारी मौके और पहुंचे और दोनों गांव के लोगों ने आपसी सहमति के बाद प्रशासन की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।मृतक की पहचान 21 वर्षीय नितिन पुत्र रमेश निवासी ग्राम ईगरीकला के रूप में हुई है। नितिन रूपड़ी कपूरपुर गांव में मजदूरी करने गया था।प्राप्त जानकारी के अनुसार नितिन निर्माणाधीन मकान में पुरानी छत तोड़ने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी छत भरभराकर गिर गई, जिससे वह मलबे में दब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद दोनों गांवों के बीच संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल बैठक कर आपसी सहमति से स्थिति को शांत कराया। बातचीत के बाद अंतिम संस्कार एवं अन्य विषयों पर सहमति बनी, जिससे क्षेत्र में शांति बनी रही।मृतक नितिन की शादी को लगभग एक वर्ष हुआ था। उसकी पत्नी करीब आठ माह की गर्भवती है। नितिन परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, जिससे इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।घटना की जानकारी मिलते ही बसपा जिला अध्यक्ष रजनीश बंधु, आसपा जिला अध्यक्ष सचिन खुराना, भीम आर्मी जय भीम संगठन के जिला अध्यक्ष सन्नी गौतम सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। इनके साथ समाज के अन्य जिम्मेदार लोगों—रजनीश उजाला, आसिफ अली, बीर सिंह, सुखबीर प्रधान, हर्षित प्रधान एवं नरेन्द्र गौतम—ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।प्रशासन की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई तथा शासन स्तर से आगे भी सहायता का आश्वासन दिया गया। सामाजिक व प्रशासनिक मौजूदगी में परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए शव को अपने साथ ले गए।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़