बरेली। किसानों के सत्याग्रह आंदोलन के 18वें दिन उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कमिश्नर को ज्ञापन सौंपने जा रहे आंदोलनकारी किसानों को पुलिस प्रशासन ने बीच रास्ते में रोक दिया। इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेताओं ने खेद व्यक्त करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
जानकारी के अनुसार, किसानों का सत्याग्रह आंदोलन डॉ. हरीश गंगवार के नेतृत्व में पिछले 18 दिनों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जारी है। किसान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को आंदोलनकारी किसान एडिशनल कमिश्नर श्रीमती प्रीति जायसवाल को अपनी समस्याओं से अवगत कराने और ज्ञापन सौंपने के उद्देश्य से कूच कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।
किसानों का कहना है कि वे पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाना चाहते थे, इसके बावजूद उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया गया, जिससे उनमें आक्रोश है।
इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने पुलिस के रवैये पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और ज्ञापन देने का अधिकार है। शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें प्रस्तुत करने जा रहे किसानों को रोकना निंदनीय और अनुचित है।
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने प्रशासन से अपील की कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनके साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए, ताकि बातचीत के माध्यम से आंदोलन का समाधान निकाला जा सके।
किसान नेता तरुण पटेल ने कहा कि वे गोण्डा से किसानों की न्याय की लड़ाई में समर्थन देने बरेली पहुंचे हैं और जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलता, वे आंदोलन में डटे रहेंगे।
किसान जिलाध्यक्ष विपिन पटेल ने कहा कि भारतीय किसान संगठन, सत्याग्रह कर रहे किसानों को पूर्ण समर्थन देता है और किसानों की यह लड़ाई अंत तक लड़ी जाएगी।
किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका सत्याग्रह आंदोलन जारी रहेगा।
इस मौके पर प्रमुख रूप से प्रेम प्रकाश अग्रवाल, पंडित राज शर्मा, असलम चौधरी, डॉ. मुदित प्रताप सिंह, मुकेश वाल्मीकि, किसान नेता रमाकांत उपाध्याय, महेंद्र पाल गंगवार, राम भरोसे पाल, कमर गनी, मोहम्मद जकी, राम रतन गंगवार, राम बाबू, प्रताप सिंह, विपिन पटेल, खेम करण पांडा, सोमपाल, ओ.पी. गंगवार, अनुज गंगवार, दीपक वाल्मीकि, कमलेश ठाकुर, उल्फत कठेरिया, राकेश गंगवार, श्याम स्वरूप गुप्ता, कुंदन लाल गंगवार, सनी गंगवार, डॉ. दत्त राम, सतीश सैनी, जगदीश शरण, ठाकुर राजेश कुमार नारायण सिंह, ठाकुर राजेश कुमार सिंह, नरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली