सहारनपुर। ज़िलाधिकारी एवं ,ज़िला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने विधानसभा ‘प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026’ की वर्तमान स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली के बाद अब दावों और आपत्तियों को प्राप्त करने की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।नो-मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रीपेंसी पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी के अनुसार, जिन मतदाताओं का विवरण वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाया है या जिनके डेटा में ‘लॉजिकल डिस्क्रीपेंसी’ (तार्किक विसंगतियां) पाई गई हैं, उनकी सुनवाई का कार्य 27 फरवरी 2026 तक चलेगा। इस विशाल कार्य के लिए जनपद के सभी 3018 बीएलओ (BLO) अपने-अपने बूथों पर सक्रिय हैं। इसके अतिरिक्त, जनपद के 7 ईआरओ (ERO) और 161 एईआरओ (AERO) सहित कुल 168 अधिकारी नोटिस की सुनवाई कर रहे हैँ। जनपद में कुल 5,16,435 नोटिस जनरेट किए जाने हैं, जिनमें से अब तक 4,83,938 नोटिस तैयार हो चुके हैं और 1.50 लाख से अधिक वितरित किए जा चुके हैं। बीएलओ द्वारा नोटिस देते समय फोटो भी खींची जा रही है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि मतदाता स्वयं उपस्थित नहीं हो सकता, तो वह परिवार के किसी सदस्य को लिखित रूप से अधिकृत कर दस्तावेज जमा करने भेज सकता है।
वर्ष 2003 की सूची से मैपिंग के लिए मतदाता अपने साक्ष्य प्रस्तुत कर सकते हैं।
अभिलेख बनवाने के लिए संबंधित कार्यालयों में हेल्पडेस्क की स्थापना की गई है।
नागरिकता और जन्म तिथि के आधार पर आवश्यक दस्तावेज़ आयोग द्वारा निर्धारित 13 दस्तावेजों के संबंध में नियम स्पष्ट किए गए हैं:
01.07.1987 से पूर्व जन्मे: स्वयं का कोई एक पहचान अभिलेख। 01.07.1987 से 02.12.2004 के बीच जन्मे: स्वयं के साथ माता या पिता में से किसी एक का अभिलेख। 02.12.2004 के बाद जन्मे: स्वयं, माता और पिता—तीनों के पहचान संबंधी अभिलेख अनिवार्य हैं। पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अब तक कुल 1,63,659 फार्म-6 प्राप्त हुए हैं। जो युवा 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष के हो चुके हैं, वे तुरंत आवेदन करें। साथ ही, जो युवा वर्ष 2026 में 1 अप्रैल, 1 जुलाई या 1 अक्टूबर को 18 वर्ष के होने वाले हैं, वे भी अग्रिम रूप से फार्म-6 जमा कर सकते हैं। अंत में, जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें और मतदाता सूची को शुद्ध व त्रुटिरहित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़