राजेंद्र धाकड़ नर्मदापुरम
जिला नर्मदापुरम के ब्लॉक केसला अंतर्गत कलेक्टर महोदय एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला नर्मदापुरम तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत केसला के निर्देशन में पेसा अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत कोहदा के पेसा मोबिलाइज़र द्वारा वन ग्राम लालपानी में पेसा एक्ट के तहत ग्राम सभा का आयोजन किया गया।
ग्राम सभा में पेसा एक्ट मोबिलाइज़र अशोक लविस्कर द्वारा प्रस्ताव रखा गया कि चीचाढाना बीट कक्ष RF-156 बेड़ाकॉल बाबा क्षेत्र की लगभग 50 हेक्टेयर वन भूमि पर फलदार, औषधीय एवं विलुप्त होती जा रही जड़ी-बूटी प्रजातियों के संरक्षण हेतु नर्सरी का निर्माण किया जाए। इस पहल से वृक्षों की कटाई एवं पर्यावरण के अतिदोहन पर नियंत्रण संभव होगा।
साथ ही नर्सरी निर्माण से वन ग्रामवासियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार, आजीविका एवं आय के साधन उपलब्ध होंगे तथा पलायन पर भी रोक लगेगी। प्रस्ताव पर ग्राम सभा में उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा विस्तार से विचार-विमर्श किया गया एवं सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वनवासियों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।