दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ब्लड सेंटर के पास स्टाफ नर्स सरोज की लाल मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार में देर रात अचानक आग लग गई। आग ने कार को 75 प्रतिशत जला डाला, जबकि उसके दाईं ओर खड़ी खराब ओमनी एंबुलेंस 10 प्रतिशत तक प्रभावित हुई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुआ।
बताया गया कि रविवार रात्रि करीब 12 बजे कार परिसर में खड़ी की गई थी। मात्र आधे घंटे बाद ही आग की लपटें भड़क उठीं। कार में अचानक लगी आग से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद एंबुलेंस चालक व कर्मियों ने बाल्टियों से पानी डालकर घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सीसीटीवी फुटेज जांच में सामने आया कि कार से ही स्वतः आग निकली। बताया जाता है कि हादसे से ठीक पहले कार लगभग 200 किलोमीटर की दौड़ लगा कर पहुंची थी।
सूचना पाकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अस्पताल की सूचना पर पहुँची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और जांच-पड़ताल में जुट गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। सीएचसी परिसर में इस घटना की चारों ओर चर्चा हो रही है।