दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।दुद्धी बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव कार्यक्रम की तिथियां सोमवार को एल्डर कमेटी अध्यक्ष एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रेमचंद जायसवाल एडवोकेट द्वारा घोषित कर दी गईं। चुनाव तिथि घोषित होने के बाद ही कचहरी परिसर में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। संभावित प्रत्याशी चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी है।नामांकन प्रक्रिया 10 फरवरी से शुरू होगी, जबकि मतदान एवं मतगणना 19 फरवरी को निर्धारित है।
नामांकन फॉर्म वितरण, जमा एवं प्रक्रिया 10 से 11 फरवरी तक सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 13 फरवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। जांच के बाद नाम वापसी का समय दोपहर 2 से 3 बजे तक रखा गया है। वैध नामांकनों का प्रकाशन उसी दिन शाम 4 बजे किया जाएगा।
चुनाव अधिसूचना में बताया गया कि मतदान 19 फरवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर साढ़े 3 बजे तक होगा। मतगणना शाम 4 बजे से प्रारंभ होकर पूरी होने तक चलेगी। निर्वाचित प्रत्याशियों की घोषणा मतगणना के बाद होगी, जबकि शपथग्रहण निर्वाचितों की सुविधा अनुसार आयोजित किया जाएगा।
एल्डर कमेटी एवं निर्वाचन अधिकारी में कृष्ण कुमार एडवोकेट, बिहारी लाल एडवोकेट, जयप्रकाश तिवारी एडवोकेट एवं देवीशरण एडवोकेट शामिल हैं। एसोसिएशन की गतिविधियों को मजबूत बनाने वाले इस चुनाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक पहले दिन कुछ प्रत्याशी चुनाव में नामांकन जमा कर सकते हैं।