गण्डारा बहराइच से
मुहम्मद आरिफ की रिपोर्ट
(इंडियन टी वी न्यूज़ )
कैसरगंज|महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर कैसरगंज में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। रात्रि करीब आठ बजे भगवान शिव की भव्य शिव बरात नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जिसमें हजारों शिव भक्त “हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ शामिल हुए। पूरा नगर शिवमय वातावरण में डूब गया।
शिव बरात की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। उपजिलाधिकारी कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी कैसरगंज डीके श्रीवास्तव स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। उनके नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स तैनात रही, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।
भव्य शिव बरात कैसरगंज के विभिन्न इलाकों से होकर गुज़री। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, वहीं ढोल-नगाड़ों, झांकियों और भक्ति संगीत ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कैसरगंज संदीप सिंह बिशेन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सिंह रैखवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। श्रद्धालुओं ने भी अनुशासन का परिचय देते हुए आयोजन को सफल बनाया। भव्य और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई शिव बरात ने कैसरगंज में धार्मिक सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया।