पत्रकार सुरेन्द्र सिंह बड़ेर अलवर (इंडियन टीवी न्यूज़)
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में एक शादी ने समाज को सकारात्मक संदेश दिया है। यहां एक दूल्हे और उसके पिता ने दहेज प्रथा के खिलाफ मिसाल पेश करते हुए 31 लाख रुपये नकद लेने से साफ इनकार कर दिया।
यह मामला बिलाली गांव निवासी जालिम सिंह के बेटे धीरेंद्र सिंह शेखावत की शादी से जुड़ा है। 10 फरवरी को बारात नागौर जिले के लूणसरा गांव पहुंची, जहां शादी की रस्में परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हो रही थीं।
इसी दौरान वधू पक्ष की ओर से परंपरा के नाम पर शगुन स्वरूप 31 लाख रुपये नकद देने की पेशकश की गई। वधू पक्ष के परिजन करणी सिंह देवी सिंह राठौड़ ने यह राशि दूल्हे पक्ष को सौंपनी चाही।
लेकिन दूल्हे और उसके पिता ने हाथ जोड़कर यह राशि लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “हमारे लिए बहू ही सबसे बड़ी अमानत है। बेटी से बढ़कर कोई दौलत नहीं होती।”
दूल्हे पक्ष के इस फैसले की शादी समारोह में मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की। क्षेत्र में इस पहल को दहेज प्रथा के खिलाफ एक प्रेरणादायक संदेश माना जा रहा है।