दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया भठ्ठी मोड़ पर गुरुवार को एक मैजिक वाहन और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। स्पीड ब्रेकर न होने के कारण हुई इस दुर्घटना में दो दिहाड़ी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. मनोहर सिंह ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान प्रेमनाथ उर्फ जगधारी (35)पुत्र सुखलाल और शिवनारायण (45) पुत्र बिसुर, दोनों निवासी डुमरडीहा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर मजदूरी के लिए दुद्धी आ रहे थे। इसी दौरान झारो मनबसा की ओर से स्कूली बच्चों को लेकर आ रही मैजिक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। मैजिक में सवार बच्चे सुरक्षित बताए गए। ग्रामीणों के अनुसार, मैजिक तेज रफ्तार में थी और चालक पर लापरवाही का आरोप लगा।
घायलों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि भठ्ठी मोड़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें जानें भी गई हैं। स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग बार-बार उठी और विभाग ने आदेश भी जारी किए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ।
इस मामले में समाजवादी पार्टी छात्रसभा के विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सीएमओ, डीएम सोनभद्र और यूपी पी डब्ल्यू डी को टैग करते हुए विभागीय लापरवाही पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, “स्पीड ब्रेकर का प्रस्ताव पारित हो चुका है, फिर भी दो लोग जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहे हैं।”
स्थानीय लोगों ने पी डब्ल्यू डी की उदासीनता की कड़ी निंदा की और तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रुक सकें।