दुद्धी सोनभद्र (विवेक सिंह)।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बीड़र में दुद्धी-हाथीनाला एनएच-39 मार्ग पर लऊवा नदी की चढ़ाई के पास एक महिला का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव की सूचना तत्काल दुद्धी पुलिस को दी। मृतका की पहचान वार्ड-11 की 50 वर्षीय कौशल्या देवी पत्नी रामेश्वर बैगा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार कौशल्या देवी मानसिक रूप से कमजोर पति रामेश्वर बैगा और पुत्रवधू के साथ रहती थीं। वह दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनकी दो विवाहित बेटियां हैं, जबकि एक विवाहित बेटा दिल्ली में मजदूरी करता है। सुबह खेत से सरसों की फसल काटकर लौटीं कौशल्या शाम को घर से निकलीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आईं। परिजनों को उनकी शाम को घर से बाहर जाने का कारण नहीं पता।
सुबह नदी की ओर टहलने वाले ग्रामीणों ने खून से सना शव देखा और पुलिस को सूचित किया। दुद्धी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सड़क हादसे की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच तेज कर दी है।