दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
स्थानीय पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए एक पीड़ित को 21 हजार रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दिए। यह कार्रवाई एसपी सोनभद्र के निर्देश, अपर एसपी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी दुद्धी के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार टेढ़ा निवासी रामलखन पुत्र रामदेव के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया था। ठगों ने उन्हें डरा-धमकाकर 21 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। पीड़ित ने एनसीआरबी (NCRB )पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर दुद्धी थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई की। आवश्यक साक्ष्य संकलित कर बैंकों से पत्राचार किया गया और कोर्ट के आदेश पर होल्ड राशि पीड़ित को लौटा दी गई।
टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, कांस्टेबल मनोज कुमार और महिला कांस्टेबल संध्या यादव शामिल रहे। रामलखन ने एसपी, अपर एसपी, क्षेत्राधिकारी दुद्धी और थाना टीम की सराहना की।
पुलिस ने अपील की है कि साइबर अपराध होने पर तत्काल नजदीकी थाने या साइबर सेल को सूचित करें।