करेरा (शिवपुरी) — नायब तहसीलदार वृत्त दिनारा के न्यायालय में शासकीय एवं न्यायालयीन कार्य में बाधा उत्पन्न करने और आत्मदाह की धमकी देने के मामले में दो लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
नायब तहसीलदार के प्रवाचक लोकेंद्र श्रीवास्तव की रिपोर्ट पर थाना करेरा में कमल किशोर ब्राह्मण एवं घनश्याम पाठक (निवासी ग्राम थनरा) के विरुद्ध बीएनएस की धारा 132, 296(ए) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार 26 फरवरी को नायब तहसीलदार करेरा वृत्त दिनारा कार्यालय में ग्राम थनरा के बंटवारा प्रकरण की सुनवाई चल रही थी। इस दौरान खातेदार रतिराम, मनीराम, मातादीन तथा उनके पुत्र कमल किशोर एवं घनश्याम उपस्थित थे।
सुनवाई के दौरान कमल किशोर एवं घनश्याम ने बाबू लोकेंद्र श्रीवास्तव एवं नायब तहसीलदार पर आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और आत्महत्या करने की धमकी देने लगे।
इसी बीच घनश्याम ने अपने थैले में रखे डिब्बे से पेट्रोल निकालकर अपने ऊपर, अपनी पत्नी व बच्ची पर डाल लिया तथा न्यायालय में रखे शासकीय दस्तावेजों पर भी पेट्रोल डाल दिया। इसके बाद उसने माचिस निकालकर आग लगाने का प्रयास किया।
घटना के समय मौके पर नायब तहसीलदार अशोक श्रीवास्तव, पटवारी भानु जाटव, संतोष रावत, तथा सूरजभान यादव एवं देवी सिंह यादव मौजूद थे। वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घनश्याम को पकड़कर माचिस छीन ली और बड़ा हादसा टल गया।
घटना को गंभीर मानते हुए पुलिस थाना करेरा में दोनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय एवं न्यायालयीन कार्य में बाधा उत्पन्न करने सहित आत्महत्या के प्रयास की धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
करेरा से कमलेश तिवारी की रिपोर्ट
9425781909