दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ पर स्टेट बैंक के समक्ष गोवर्धन मंदिर के पास बुधवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार बाइक सवार जीजा-साले की जोड़ी का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में साले का दायां कान का बाहरी हिस्सा कटकर अलग हो गया, जबकि जीजा को सिर व आंख पर गंभीर चोटें आईं।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार किरवानी निवासी राकेश (32) पुत्र रामप्रसाद अपने ससुराल आए थे। किसी काम से वे कुसम्हा (पोस्ट गोविंदपुर) निवासी अपने साले मनोज (30) पुत्र मुन्नादेव के साथ बाइक द्वारा आश्रम मोड़ जा रहे थे। गोवर्धन मंदिर के पास मोड़ पर सामने से आ रही बाइक से बचने के चक्कर में उनकी बाइक गोविंदपुर आश्रम की बाउंड्री में लगे कटीले तारों से जा टकराई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दोनों घायलों को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया, फिर सीएचसी दुद्धी ले गए। वहां मनोज ने जेब से निकाला कान का कटा हिस्सा चिकित्सकों को दिखाया, जिससे वे दंग रह गए। डॉ. सुनील के नेतृत्व में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत देख जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।