राजेंद्र धाकड़ नर्मदापुरम
नर्मदापुरम। स्थानीय कैम्पियन स्कूल माखन नगर रोड परिसर में रविवार को तेली साहू राठौर समाज, नर्मदापुरम द्वारा होली स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों के साथ शामिल हुए, जहां आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत आराध्य देवी मां कर्मा एवं दुर्गा दास राठौर के चित्र पर गुलाल अर्पित कर की गई। समाज के वरिष्ठजनों ने सभी उपस्थित जनों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज की एकता को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में समाज की वरिष्ठ महिलाओं का सम्मान किया गया। महिलाओं ने समाज के विकास, शिक्षा और एकजुटता को लेकर अपने प्रेरणादायी विचार भी साझा किए।
समाजजनों ने बताया कि स्नेह मिलन समारोह के दौरान सर्वसम्मति से आगामी 15 मार्च को भक्त माता कर्मा जयंती को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए सामाजिक शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को गुलाल तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। स्वल्पाहार और आत्मीय चर्चा के बीच समाज की एकता और संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
आयोजक मंडल, कैम्पियन स्कूल संचालक एवं समस्त साहू समाज, नर्मदापुरम ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।