अकरम खान पटेल की रिपोर्ट।
बैतूल। सवर्ण समाज संगठन बैतूल ने यूजीसी के हाल ही में लागू किए गए नियमों के विरोध में सोमवार को प्रदर्शन किया। संगठन से जुड़े लोग पहले बैतूल ऑडिटोरियम में एकत्रित हुए। जहां सभा आयोजित कर नियमों पर चर्चा की गई। इसके बाद पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर बैतूल को सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि सरकार ऐसे नियम लागू कर समाज को बांटने का प्रयास कर रही है। जिला अध्यक्ष सौरभ सिंह राघव ने कहा कि इस काले कानून से सवर्ण समाज और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति सहित अन्य वर्गों के बीच अनावश्यक तनाव की स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि समाज में सभी वर्गों के बीच आपसी भाईचारा बना रहना चाहिए। ज्ञापन में बताया गया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने 15 जनवरी 2026 से उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव रोकने के उद्देश्य से नए नियम लागू किए हैं। इन नियमों में कॉलेज और विश्वविद्यालयों में शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने, जातिगत उत्पीड़न के मामलों में कार्रवाई करने और संस्थानों की जवाबदेही तय करने जैसे प्रावधान किए गए हैं। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद थे।