अकरम खान पटेल की रिपोर्ट।
आमला (बैतूल)। लादी रोड चक्का जाम मामले में दर्ज एफआईआर के विरोध में सोमवार को आदिवासी समाज के लोगों ने आमला नगर में विशाल रैली निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में समाज के लोग सड़कों पर उतरे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।
आदिवासी समाज के लोग रैली के रूप में शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जनपद पंचायत कार्यालय चौक पहुंचे। यहां एकत्रित होकर उन्होंने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया और लादी रोड चक्का जाम मामले में दर्ज एफआईआर को वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस मामले में की गई कार्रवाई अनुचित है और बिना निष्पक्ष जांच के समाज के लोगों पर एफआईआर दर्ज कर दी गई है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्यायपूर्ण निर्णय लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कई लोगों ने एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने का प्रयास भी किया गया।
आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।