जिला ब्यूरो चीफ
नर्मदापुरम। मंडल अध्यक्ष राजपूत ने नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण थोटा से मिलकर एक पत्र उन्हें सौंपा है जिसमें गरीब और मजदूरों के खातों का उपयोग करने वाले उन लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं शहर में अभी हाल ही में कई लोग ऑनलाइन ठगी का भी शिकार हो रहे है। इन ऑनलाइन ठगी करने वालों पर भी ठोस कार्रवाई की मांग की है। पत्र में मंडल अध्यक्ष रूपेश राजपूत ने लिखा है कि सुनियोजित तरीके से मजदूर, निर्धन और असहाय लोगों को उनकी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें रुपयों का लालच देते है और उनके डॉक्यूमेंट लेकर खाते खुलवाए जाते है। इन खातों की जानकारी इन्हें खुद भी नहीं होती है और लाखों रुपए का ट्रांजैक्शन इनके खातों से होता है। इस प्रकार मजबूर और असहाय लोगों के खाते खोलने वाला बड़ा गिरोह शहर में सक्रिय है। इस गिरोह को चिन्हित कर आप कार्यवाही करें। यह ठगी करने वाला गिरोह गरीब और मजदूरों के खाते में लाखों रुपयों का ट्रांजैक्शन करता है साथ ही उसके एटीएम और यूपीआई का भी खुद इस्तेमाल करता है। इन सभी चीजों से अनजान खाता धारक को ही पुलिस ठग समझ बैठती है और इन गरीबों को ही कानूनी कार्रवाई , पुलिस पूछताछ और जांच का सामना करना पड़ता है जबकि वास्तविक अपराधी पर्दे के पीछे ही रहते है। वहीं भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष विकास नारोलिया ने भी एसपी से निवेदन किया है कि पुलिस इस प्रकार ठगी करने वाले गिरोह और नेटवर्क के विरुद्ध सकत अभियान चलाकर इन पर कानूनी कार्रवाई करें। एसपी ने इन सभी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का आश्वासन मंडल अध्यक्ष राजपूत और पूर्व मंडल अध्यक्ष नारोलिया को दिया है।