दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
हाथीनाला थाना क्षेत्र के ग्राम बेहराडोल में बुधवार अपराह्न करीब तीन बजे वन विभाग के वनीकरण कार्य के दौरान वाचर लालदेव (55) पुत्र स्व. रामधनी पर अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लालदेव को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, लालदेव गांव के जंगल में वन विभाग द्वारा गड्ढा खोदने के वनीकरण कार्य में लगे थे। कार्य के दौरान वे खुले स्थान पर आराम कर रहे थे, तभी कुछ अज्ञात लोग आए और अचानक लाठी-डंडों से उन पर हमला बोल दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना किसी अन्य व्यक्ति ने परिजनों को दी। परिजनों ने तत्काल डायल 112 पुलिस और 102 एंबुलेंस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद घायल लालदेव को एंबुलेंस 102 के ईएमटी पंकज कुमार और चालक अजीत कुमार द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी ले जाया गया।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर पर गंभीर चोटें देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज हेतु लोढ़ी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल लालदेव की पत्नी पार्वती ने बताया कि पति वन विभाग के कार्य के लिए करीब एक किलोमीटर दूर गए थे। मारपीट की सूचना पर हम पहुंचे तो उन्हें घायल अवस्था में पड़े देखा।मारपीट करने वाले लोग पहले ही फरार हो चुके थे। पुलिस ने सुबह थाने में आने को कहा है और आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सिर की गंभीर चोटों से परिजन चिंतित हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है ।