फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। कस्बे की सुधा गैस सर्विस (इंडियन गैस एजेंसी) पर गुरुवार को सर्वर डाउन होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही एजेंसी पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन सर्वर ठप होने के कारण गैस वितरण नहीं हो सका। इससे एजेंसी परिसर में अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए और उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार कस्बे के साथ-साथ आसपास के गांवों से आए दर्जनों उपभोक्ता सुबह से ही लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। तेज धूप में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा घंटों बैठे रहे, लेकिन सर्वर की समस्या के कारण किसी को भी गैस सिलेंडर नहीं मिल सका। कई उपभोक्ता मायूस होकर वापस लौटने को मजबूर हो गए।
शाही से आए साजिद हुसैन ने बताया कि उन्होंने करीब 15 दिन पहले गैस की बुकिंग कर दी थी और ऑनलाइन पेमेंट भी कर दिया, लेकिन इसके बावजूद अभी तक सिलेंडर नहीं मिल पाया है।
वहीं मुख्तियार ने बताया कि वह तीन दिन से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। कल भी लाइन लगाई थी और आज भी सुबह से लाइन में बैठे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल सका।
नल नगरिया से आए काशीराम ने बताया कि वह भी तीन दिन से परेशान हैं। कल किताब जमा हो गई थी, लेकिन दोपहर करीब दो बजे के बाद किताब वापस कर दी गई। आज फिर से किताब जमा कर दी है, फिर भी सिलेंडर मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
इसी तरह कल्लू, मुकेश, नदीम और मालती सिंह ने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण एजेंसी पर बुकिंग और वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह ठप हो गई है।
तिलियापुर से आईं लाड़ो और नजमा ने बताया कि वह तीन दिन से लगातार लाइन में लग रही हैं। रोजा होने के बावजूद धूप में बैठकर इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे काफी परेशानी हो रही है।
चिटौली के अनमोल कश्यप ने बताया कि उनकी बुकिंग करीब 10 दिन पहले हो चुकी है, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिल पाया।
रुकुमपुर से आईं सरोज ने बताया कि वह दो दिन से एजेंसी आ रही हैं, लेकिन हर बार खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
वहीं रसूला की कलियां बी और रुकुमपुर की गौरा ने बताया कि किताब जमा होने के बावजूद सिलेंडर मिलने की कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
इस संबंध में गैस एजेंसी मैनेजर मोहन स्वरूप ने बताया कि सर्वर ऊपर से ही डाउन है, जिसके कारण गैस वितरण नहीं हो पा रहा है। जैसे ही सर्वर ठीक होगा, उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
फिलहाल सर्वर की समस्या के चलते उपभोक्ताओं को घंटों धूप में इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि जल्द से जल्द सर्वर की समस्या ठीक कर गैस वितरण शुरू कराया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली