इंडियन टीवी न्यूज़ सुशील चौहान जिला ब्यूरो चीफ
सिवनी:प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त के अंतर्गत देशभर के करोड़ों किसानों के खातों में सम्मान राशि का हस्तांतरण किया गया।इस अवसर पर जिले में भी कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा और सुना गया।
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों अधिकारियों एवं किसान बंधुओं ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान जिले के कुल 2 लाख 72 हजार 975 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का लाभ प्राप्त हुआ। इस योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें खेती-किसानी के कार्यों में सहयोग मिल रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डेहरिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष किरण भलावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान बंधुओं ने भी सहभागिता करते हुए प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और योजना के प्रति उत्साह व्यक्त किया।