दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े हर्षोल्लास और एकता के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के बड़ी संख्या में लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की तथा देश में अमन-चैन और शांति की दुआ मांगी।कस्बा स्थित रजा जामा मस्जिद में सुबह 8:30 बजे मौलाना नजीरुल कादरी ने, मकतब जब्बारिया (ईदगाह) में 8:00 बजे हजरत नसीरे मिल्लत ने तथा 9:00 बजे गर्ल्स कॉलेज मल्देवा में मौलाना हाफिज महमूद ने नमाज पढ़ाई। इस दौरान नमाजियों ने पूरे अकीदत के साथ इबादत की और अपने तथा प्रियजनों की सलामती के लिए दुआएं कीं।नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद मुबारक की बधाई दी।इसके बाद एक दूसरे के घरों में जाकर सेंवई का लुत्फ उठाया और भाईचारे का संदेश दिया।
उधर ईद को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ राजेश कुमार राय, प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह तथा बड़ी संख्या में पीएससी पुलिस बल मुस्तैद रहा।