जिला ब्यूरो चीफ जावेद अली टीकमगढ़
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के मार्ग दर्शन में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा जिले में एक व्यापक सड़क सुरक्षा अभियान और विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य केवल यातायात नियमों का पालन कराना ही नहीं बल्कि नागरिकों में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना है। इस अभियान के तहत मध्यप्रदेश शासन की ‘राहवीर योजना’ पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिसमें सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुँचाने वाले मददगार नागरिक को 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि और सम्मान पत्र प्रदान किया जाता है, साथ ही उसे किसी भी पुलिसिया पूछताछ या कानूनी प्रक्रिया की उलझन से पूरी तरह मुक्त रखा जाता है। इसके साथ ही ‘गुड सेमेरिटन’ योजना के माध्यम से मददगार की पहचान गोपनीय रखने का प्रावधान है, ताकि लोग बिना किसी डर के “गोल्डन ऑवर” यानी दुर्घटना के पहले एक घंटे के भीतर घायल की मदद कर सकें, जिससे जीवन बचने की संभावना 80 प्रतिशत तक बढ़ जाती है। पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से हेलमेट, सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग और नशे में वाहन न चलाने जैसे बुनियादी नियमों के पालन की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि जागरूक नागरिक और सुरक्षित यातायात ही एक बेहतर समाज की पहचान है, और टीकमगढ़ पुलिस सुरक्षा व जनसेवा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है।