जिला ब्यूरो चीफ जावेद अली टीकमगढ़
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिला टीकमगढ़ में संचालित “बुंदेली जनसंवाद चौपाल” कार्यक्रम सामुदायिक पुलिसिंग की एक मिसाल पेश कर रहा है, जिसके सकारात्मक परिणामों के चलते एसपी कार्यालय में प्राप्त होने वाली शिकायतों में लगभग 36 प्रतिशत की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। इस अभिनव पहल के तहत बल्देवगढ़, बुडेरा, कुड़ीला और खिरिया जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी स्वयं गांव-गांव पहुंचकर चौपाल लगा रहे हैं, जहां ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इन चौपालों के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के लिए हेल्पलाइन 1930, सड़क सुरक्षा नियमों, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और अफवाहों से सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया जा रहा है, साथ ही किसानों को फसल सुरक्षा व आगजनी जैसी आपात स्थितियों से निपटने के गुर भी सिखाए जा रहे हैं। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील के साथ शुरू हुआ यह अभियान न केवल पुलिस और जनता के बीच के फासले को कम कर रहा है, बल्कि ग्रामीण सुरक्षा और जनविश्वास को एक नया व मजबूत आयाम भी प्रदान कर रहा है।