दुद्धी सोनभद्र ।(विवेक सिंह)
ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बीड़र में सोमवार को शारदा संगोष्ठी, न्याय पंचायत स्तरीय शैक्षिक संगोष्ठी और वार्षिकोत्सव का शानदार आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी दुद्धी प्रेम शंकर राम और विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान बीड़र श्रवण कुमार ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि प्रेम शंकर राम ने कहा कि शिक्षा ही विकास की धुरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में अब प्रोजेक्टर, टैबलेट और स्मार्ट क्लास जैसी अत्याधुनिक डिजिटल सुविधाओं से शिक्षा दी जा रही है, ताकि कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
एआरपी श्यामसुंदर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों की बढ़ती संख्या अभिभावकों के विश्वास का प्रमाण है। ब्लॉक दुद्धी शैक्षिक विकास के मामले में अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। वहीं भोलानाथ (मंडलिक मंत्री, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ) ने कहा कि आज बेसिक विद्यालय कॉन्वेंट स्कूलों से कहीं कमतर नहीं हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक मुसईराम ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि शिक्षा के विकास में पूरा स्टाफ योगदान दे रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को विद्यालय भेजने का अनुरोध किया। इस मौके पर वर्ष भर अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चे खुशी से गद्गद नजर आए।
कार्यक्रम में चंद्रेश मौर्य, अनिल यादव, सुभाष, सुनील यादव, वर्षा रानी, अर्चना मौर्य, नूर अफ्शा, वंदना कुशवाहा, प्रिया कुमारी आदि उपस्थित रहे। संचालन अविनाश गुप्ता ने किया।