उरई(जालौन):
प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को सुदृढ़ करने हेतु मिशन शक्ति फेज-05 (2) के अंतर्गत पुलिस लाइन उरई से टाउन हॉल तक रन फॉर एंपावरमेंट दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, एमएलसी प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा सहित जन प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया, साथ ही सभी ने स्वयं प्रतिभाग कर महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं रोजगार को लेकर सतत प्रयासरत है, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में भागीदारी करें। कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं और शासन प्रशासन इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जनपद में महिलाओं की सुरक्षा एवं स्वावलम्बन सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा हेतु विभिन्न हेल्पलाइन, जागरूकता कार्यक्रम एवं सतत निगरानी के माध्यम से एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे कानून का पालन करते हुए महिला सम्मान को सर्वोपरि रखें। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं, युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रन फॉर एंपावरमेंट के माध्यम से जनपद में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं सम्मान का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित हुआ और समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी प्रयास किया गया।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश