रिपोर्टर इंडियन टीवी से ब्यूरो चीफ मयंक यादव की रिपोर्ट
थाना नगीना क्षेत्र के ग्राम काला खेड़ी के पास निर्माणाधीन पानी की टंकी पर एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से मंगलवार सुबह पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को नीचे उतारा गया।
जानकारी के अनुसार नगीना-काला खेड़ी मार्ग पर स्थित आईटीआई कॉलेज के सामने बन रही पानी की ऊंची टंकी पर चढ़कर एक युवक ने फांसी लगा ली। सुबह ग्रामीणों ने जब टंकी पर शव लटका देखा तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान मोहम्मद नवेद पुत्र मोहम्मद अकबर, निवासी मोहल्ला लाल सराय, नगीना के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 26 वर्ष बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि नवेद सोमवार शाम से घर से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी।
शव के पास मिला सुसाइड नोट
थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीत मान के अनुसार मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। नोट की सामग्री के आधार पर घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सुसाइड नोट, परिजनों के बयान और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है, ताकि युवक के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
—–
पुलिस और दमकल टीम ने मिलकर उतारा शव
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. अंजनी कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीत मान तथा चित्तौड़गढ़ पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टंकी की ऊंचाई अधिक होने के कारण शव को नीचे उतारने में कठिनाई हुई, जिसके बाद अग्निशमन विभाग को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने रस्सियों की मदद से शव को सुरक्षित नीचे उतारा।
—–
गांव में शोक और दहशत का माहौल
घटना के बाद काला खेड़ी गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक और दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा रहे और देर तक चर्चा का दौर चलता रहा। अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।