राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस के नए प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों की पहली सूची को मंजूरी दे दी है। इस सूची में कटनी जिले की चार महिलाओं को महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी सूची के अनुसार आकांक्षा मिश्रा और रश्मि अग्रवाल को संयुक्त सचिव, जबकि रजनी वर्मा और सौम्या रंधेलिया को महासचिव पद पर मनोनीत किया गया है। इन नियुक्तियों पर महिला कांग्रेस की ओर से सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं।
मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इनकी नियुक्ति से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी महिलाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद करने के साथ ही पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव और शहरों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि कटनी की इन महिलाओं के चयन से जिले में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी। सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगी।
इन नियुक्तियों के बाद जिले में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि नए नेतृत्व के साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर और प्रभावी ढंग से काम किया जा सकेगा।