रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
पोरसा| भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर नगर मंडल पोरसा कार्यालय में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पितृ पुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण, झंडावंदन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला उपाध्यक्ष साहब सिंह तोमर उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिनेश शर्मा ने की तथा संचालन रामकुमार गुप्ता द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद अशोक सिंह तोमर, जसराम गुप्ता, राजेश वर्मा, प्रदीप उपाध्याय, केतन दुबे, वीर प्रताप सिंह तोमर, सत्यकेश कुशवाहा, मनीष शिवहरे, मनमोहन तोमर, अनुराग गुप्ता, राजीव शर्मा, राघवेंद्र तोमर, शिवकांत गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है और यह केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का एक संकल्प है। इस अवसर पर नरेंद्र मोदी, अमित शाह सहित वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि पार्टी हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत पर चलते हुए समाज सेवा में अग्रणी रही है। उन्होंने उन अनगिनत कार्यकर्ताओं को याद किया जिनके समर्पण और बलिदान से पार्टी आज इस मुकाम तक पहुंची है।
गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेई की राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित भाजपा देश के पुनर्निर्माण के लिए सतत कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने यह भी कहा कि भाजपा की नीतियां आमजन और गरीबों को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश के विकास में भाजपा की भूमिका अभूतपूर्व रही है और यही कारण है कि आम जनता का विश्वास लगातार पार्टी के प्रति बढ़ रहा है।