संवाददाता, फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)
फतेहगंज पश्चिमी भिटौरा रेलवे फाटक के नीचे से निकलकर ट्रैक पार करना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ। मंगलवार तड़के ट्रेन की चपेट में आने से 38 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टेशन क्षेत्र निवासी विनीता अग्रवाल (38) पत्नी अनूप अग्रवाल रोजाना की तरह सुबह करीब 4:30 बजे टहलने के लिए घर से निकली थीं। बताया जाता है कि इटोरा रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद था, लेकिन जल्दबाजी में वह उसके नीचे से निकलकर रेलवे ट्रैक पार करने लगीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। उस समय तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। सुबह करीब 7:30 बजे जब विनीता घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान जीआरपी द्वारा दिखाई गई फोटो से परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उनकी शिनाख्त की।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के परिवार में पति अनूप अग्रवाल के अलावा पुत्र आदित्य और पुत्री सृष्टि हैं। बताया गया है कि पति स्थानीय कपड़ा दुकान पर काम करते हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना ने रेलवे फाटक बंद होने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली