कैमोर। औद्योगिक नगरी कैमोर में तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों का कहर लगातार देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में 8 अप्रैल को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने ग्राम सचिव दुबे को कट मार दिया। इस घटना से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एसीसी डंफर रोड पर चक्का जाम कर दिया।
बताया जा रहा है कि एसीसी डंफर रोड पर कंपनी की आड़ में अन्य खदान संचालकों के वाहन लगातार कैमोर पुलिस थाना को बाईपास कर ओवरलोड गिट्टी और पत्थर का परिवहन कर रहे हैं। भारी और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर एसीसी डंफर रोड को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान कई ओवरलोडेड हाइवा और डंपर वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क एसीसी के अधिपत्य की जमीन पर होने के बावजूद उसकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है और न ही वाहनों की तेज रफ्तार पर कोई नियंत्रण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने और वाहनों की गति पर अंकुश लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि आगे भी ओवरलोडेड वाहनों की आवाजाही इसी तरह जारी रही तो वे ऐसे वाहनों को रोककर नुकसान पहुंचाने के लिए मजबूर होंगे।
हालांकि कुछ समय बाद कैमोर पुलिस की मध्यस्थता के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात फिर से सामान्य हो गया ।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट