राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर के महारानी लक्ष्मी बाई वार्ड में हाल ही में बनी सीसी सड़क की गुणवत्ता को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। क्षेत्रीय पार्षद अवकाश जायसवाल की शिकायत पर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि महज दो-तीन महीने पहले बनी सड़क में गिट्टियां उभर आई हैं, वहीं सफाई के दौरान सड़क से रेत निकलने जैसी स्थिति भी देखने को मिली। कई जगहों पर पैचवर्क होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने संबंधित सहायक यंत्री और उपयंत्री से दूरभाष पर चर्चा कर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जनता के पैसों से किए जा रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगम अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि घटिया निर्माण न केवल आम नागरिकों को परेशानी में डालता है, बल्कि नगर निगम की छवि को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान जिला योजना समिति के सदस्य शशिकांत तिवारी, पार्षद आकाश जायसवाल, राजकुमार शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।