दतिया। जिले में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर अधिकारियों का क्रूर और अमानवीय चेहरा सामने आता दिख रहा है।
मामला दतिया के झड़िया ग्राम के पास स्थित भूता के जंगल का बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि एक ग्रामीण ने जंगल क्षेत्र में झोपड़ी बनाकर निवास किया हुआ था, जिसे वन विभाग ने अतिक्रमण मानते हुए हटाने के लिए सिविल लाइन थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ग्रामीण द्वारा जगह खाली करने के लिए कुछ समय की मोहलत मांगी जा रही है, लेकिन इसी दौरान विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीण, उसकी पत्नी और करीब 2 साल के मासूम बच्चे के साथ मारपीट की। यह घटना करीब 12 दिन पुरानी बताई जा रही है, लेकिन अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
पीड़ित ग्रामीण का आरोप है कि शहर में कई स्थानों पर बड़े-बड़े अवैध अतिक्रमण मौजूद हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। गरीब और लाचार लोगों को ही निशाना बनाया जाता है और उनके आशियाने उजाड़ दिए जाते हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस वायरल वीडियो पर क्या संज्ञान लेता है और क्या दोषियों पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं।
रोहित पाण्डेय इंडिया टीवी न्यूज़ डबरा