राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले की बहोरीबंद जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम तेवरी की युवा सरपंच सुश्री काजल रजक ने भोपाल में बॉलीवुड अभिनेत्री Kriti Sanon से मुलाकात कर लैंगिक समानता को लेकर अपने विचार साझा किए। यह मुलाकात राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान की “महिला एवं बालिका हितैषी पंचायत” थीम के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई।
बताया गया कि अभिनेत्री कृति सेनन, जो लैंगिक समानता की ब्रांड एंबेसडर भी हैं, भोपाल दौरे पर पहुंचीं थीं। इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए जमीनी स्तर पर महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी पहल और अनुभवों को जाना। सरपंच काजल रजक ने भी अपने ग्राम में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर की पहल पर जिले में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी पहल के तहत कटनी की युवा जनप्रतिनिधि को यह अवसर मिला, जहां उन्होंने सीधे कृति सेनन से संवाद किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि United Nations Population Fund (यूएनएफपीए) पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ मिलकर मध्यप्रदेश के 83 ग्रामों में “महिला एवं बालिका हितैषी पंचायत” परियोजना को लागू कर रहा है। इस परियोजना के तहत महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण, नशामुक्ति और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कृति सेनन ने कार्यक्रम के दौरान सरपंचों से चर्चा कर उनके अनुभवों को सुना और महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि लैंगिक समानता का अर्थ महिलाओं और पुरुषों, लड़कियों और लड़कों को समान अधिकार, अवसर और संसाधनों तक समान पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए सभी वर्गों की समान भागीदारी जरूरी है।