राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने और आमजन को मदद के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मंगलवार को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा बस स्टैंड परिसर में राहवीर योजना के तहत विशेष जागरूकता कैंप आयोजित किया गया।
कैंप में आरटीओ संतोष पाल सहित विभागीय अधिकारियों एवं स्टाफ ने उपस्थित नागरिकों को योजना की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान बस स्टैंड पर आने-जाने वाले यात्रियों, वाहन चालकों और आमजन को दुर्घटना के दौरान घायलों की तत्काल सहायता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि राहवीर योजना के अंतर्गत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाता है या मदद करता है, तो उसे शासन द्वारा 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ती पत्र प्रदान किया जाता है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य “गोल्डन आवर” में त्वरित उपचार सुनिश्चित कर अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना है।
कैंप के दौरान पंपलेट वितरण, जनसंपर्क एवं मौखिक संवाद के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता की सेवा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण योजना बताया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना से जुड़कर सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं और दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्युदर में कमी लाई जा सके।