फतेहगंज पश्चिमी (संवाददाता बरेली)।
जनपद की संवेदनशील मानी जाने वाली फतेहगंज पश्चिमी पुलिस चौकी में प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चौकी प्रभारी अनुप सिंह का स्थानांतरण कर दिया है। अब उन्हें बरेली शहर की अहम कुतुबखाना चौकी (थाना कोतवाली) में तैनाती दी गई है। वहीं फतेहगंज पश्चिमी चौकी की कमान एसआई आदेश कुमार को सौंपी गई है।
फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र लंबे समय से नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों को लेकर सुर्खियों में रहा है। ऐसे में यहां की तैनाती हमेशा से चुनौतीपूर्ण मानी जाती है। अनुप सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान स्मैक तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाकर कई अहम कार्रवाइयां कीं और क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी का एहसास कराया। उनकी कार्यशैली को लेकर आमजन में मिश्रित प्रतिक्रिया रही, लेकिन अपराध के खिलाफ उनकी सख्ती चर्चा में रही।
अब प्रशासन ने इस चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी को एसआई आदेश कुमार को सौंपा है। बताया जा रहा है कि आदेश कुमार को क्षेत्रीय परिस्थितियों और अपराध नियंत्रण का अच्छा अनुभव है। इससे पहले वह रामपुर जनपद के शाहाबाद क्षेत्र में तैनात रह चुके हैं और वहां भी उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई थी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि नए प्रभारी के आने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। खासकर नशा तस्करी और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने को लेकर लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
फतेहगंज पश्चिमी का माहौल पहले से ही संवेदनशील रहा है, जहां पुलिस की कार्यप्रणाली पर समय-समय पर सवाल भी उठते रहे हैं। ऐसे में अब सबकी निगाहें नए चौकी प्रभारी आदेश कुमार पर टिकी हैं कि वह इस चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी को किस तरह निभाते हैं और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा का माहौल कैसे मजबूत करते हैं।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली