सहारनपुर
घाड़ क्षेत्र में अब ‘सवेरा’ होकर रहेगा! पुलिस ने तोड़ी नशे के कारोबार की कमर, जनता ने जताया आभार!
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के सख्त आदेशों का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। थाना मिर्जापुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए एक शातिर तस्कर को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे घाड़ क्षेत्र के नशा तस्करों में खलबली मची हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह यादव के कुशल नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने अब्दुल रहमान पुत्र अनवर (निवासी रायपुर) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 120 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0स0 117/2026 के तहत धारा 8/20 NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है।पुलिस की जांच में सामने आया है कि अब्दुल रहमान कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि नशे के धंधे का पुराना खिलाड़ी है। उस पर पहले से ही 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस जहर की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके तार और किन-किन बड़े तस्करों से जुड़े हैं !! मिर्जापुर और आसपास के घाड़ क्षेत्र में नशे का कारोबार लंबे समय से युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है। स्थानीय जनता ने इसके विरोध में कई बार महापंचायतें कीं और आवाज उठाई, लेकिन पहले कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई थी। लेकिन अब ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत हो रही ताबड़तोड़ गिरफ्तारियों से जनता में विश्वास लौटा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस का यह कदम सराहनीय है और इससे युवाओं को नशे की गर्त से निकालने में मदद मिलेगी। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कर दिया है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र को और भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि हर छोटे-बड़े लिंक को ध्वस्त किया जा सके.
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़