सहारनपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक दांव (आला कत्ल) भी बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को कोरी माजरा निवासी शुभम पुत्र प्रवीण कुमार ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर बताया था कि मनीष उर्फ डब्बू और उसके एक अज्ञात साथी ने उसके भाई सौरभ की हत्या कर शव को छिपा दिया है। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा संख्या 197/26, धारा 103(1) व 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कपिल देव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। कार्रवाई करते हुए 22 अप्रैल 2026 को पुलिस ने आईटीसी रोड से वांछित अभियुक्त मनीष उर्फ डब्बू को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 6 अप्रैल को वह सौरभ को रेलवे लाइन के पास खंडहर क्वार्टरों में ले गया, जहां उसका एक साथी पहले से मौजूद था। तीनों ने मिलकर नशा किया। इसी दौरान सौरभ ने उसके साथी का पैसों से भरा बैग छिपा दिया। बैग के बारे में पूछने पर सौरभ ने कुछ नहीं बताया, जिससे नाराज होकर आरोपी और उसके साथी ने उसे मारने की योजना बनाई।
आरोपी के अनुसार, उन्होंने सौरभ को अधिक नशा देकर बेहोश किया और रात में घर से दांव लाकर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद हथियार को झाड़ियों में छिपा दिया गया, जबकि सिर को बिजलीघर के पीछे खाली मैदान में फेंक दिया।
बरामदगी व आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त दांव बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट व अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तारी टीम
इस कार्रवाई में निरीक्षक कपिल देव, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़