सहारनपुर
जनपद में अपराध पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरसावा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चोरी और लूट के मामलों में वांछित एक बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, टीम बोन्सा पुलिया से ग्राम बिडवी जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह वापस मुड़कर भागने लगा।
पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी कच्चे रास्ते पर भागते हुए गिर गया और खुद को बचाने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप पुत्र मदन, निवासी ग्राम छापुर थाना सरसावा के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले से ही मोटरसाइकिल चोरी और लूट के मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़