राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर निगम प्रशासन कर्मचारियों और पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक अहम पहल करने जा रहा है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 को प्रातः 11 बजे से निगम कार्यालय के एमआईसी सभाकक्ष में कर्मचारी समस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा।
इस शिविर में नगर निगम के कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। खास बात यह है कि निगमायुक्त स्वयं शिविर में मौजूद रहकर आवेदनों पर सीधे सुनवाई करेंगी, जिससे समस्याओं के त्वरित निराकरण की उम्मीद बढ़ गई है।
उपयुक्त शैलेश गुप्ता के अनुसार, शिविर का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों और पेंशनरों को एक ही स्थान पर सरल और सुविधाजनक समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रक्रियाओं में होने वाली देरी को कम किया जा सके।
शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें सेवा संबंधी प्रकरण, वेतन, पेंशन, जीपीएफ, अवकाश सहित अन्य मामलों में प्राथमिकता के साथ सुनवाई कर समाधान किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने सभी पात्र कर्मचारियों और पेंशनरों से शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की है।