राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल चांडक चौक स्थित जगन्नाथ मंदिर के सामने ब्रिज के पास बना बड़ा गड्ढा नगर निगम प्रशासन की लापरवाही की पोल खोल रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क पर बने इस खतरनाक गड्ढे की ओर अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी का ध्यान नहीं गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गड्ढा लगातार बड़ा होता जा रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय यह गड्ढा दुर्घटना का बड़ा कारण बन सकता है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि तत्काल इस गड्ढे की मरम्मत कराई जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। लोगों का आरोप है कि प्रशासन किसी बड़ी घटना के इंतजार में बैठा है, जबकि रोजाना नागरिक अपनी जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।
अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब जागता है और आमजन को राहत देने के लिए क्या कदम उठाता है।