फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता के साथ उसके ससुर द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विरोध करने पर पति द्वारा मारपीट करने और दबाव बनाने के आरोप भी लगे हैं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर ससुर और पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना विथरी चैनपुर क्षेत्र निवासी एक महिला की शादी करीब एक वर्ष पूर्व फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव निवासी सोहिल से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति नशे का आदी है और मजदूरी से कमाए पैसे शराब में खर्च कर देता है। वहीं, ससुर किस्मत अली निकाह के बाद से ही उस पर गलत नजर रखता था।
पीड़िता के मुताबिक, 21 अप्रैल को वह घर में अकेली थी। इसी दौरान ससुर ने उसे दबोच लिया और दुष्कर्म करने का प्रयास किया। उसके शोर मचाने पर सास के पहुंचने से आरोपी मौके से भाग निकला। आरोप है कि सास ने बदनामी का डर दिखाकर उसे चुप करा दिया।
शाम को जब पति घर लौटा तो पीड़िता ने पूरी घटना बताई, लेकिन उसने कोई कार्रवाई करने के बजाय उसके साथ मारपीट की और ससुर की बात मानने का दबाव बनाया। इसके बाद दो दिन तक उसे घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। किसी तरह मौका पाकर पीड़िता थाने पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाई।
थाना पुलिस ने शुक्रवार को ससुर किस्मत अली और पति सोहिल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोप सिद्ध होने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली