राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में पिछले कई दिनों से पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर हालात चिंताजनक बने हुए हैं। कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं कुछ पंप पूरी तरह ड्राई होने की स्थिति में पहुंच गए हैं।
इस मुद्दे को लेकर युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने कलेक्टर को पत्र लिखकर त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि डिपो से होने वाली सप्लाई संशय के घेरे में है और कालाबाजारी की आशंका भी जताई जा रही है।
क्या हैं आरोप
पत्र में कहा गया है कि जिले के कई पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त ईंधन उपलब्ध नहीं है, जबकि प्रशासन द्वारा लगातार यह दावा किया जा रहा है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। मीडिया में ईंधन के दाम बढ़ने की संभावनाओं की खबरों के बीच डिपो स्तर पर गड़बड़ी और जमाखोरी की आशंका भी जताई गई है।
जनता हो रही परेशान
ईंधन की कमी के चलते वाहन चालकों को भटकना पड़ रहा है। लंबी कतारें और बार-बार पंप बदलने की मजबूरी आम हो गई है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
कलेक्टर से ये मांग
दिव्यांशु मिश्रा ने कलेक्टर से मांग की है कि जनहित में तत्काल टीम गठित कर मामले की जांच कराई जाए, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए और जिले में पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।