सहारनपुर कोतवाली नगर क्षेत्र में एक नाबालिग के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला गंभीर होता जा रहा है। पुलिस पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर चिलकाना रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर में बच्चे को फेंके जाने की आशंका के चलते सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन देर शाम तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका। बताया जात है केशव नगर, नुमाइश कैंप निवासी 14 वर्षीय अंशुमन पुत्र बालकृष्ण शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे घर से बाजार जाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने थाना कोतवाली नगर में गुमशुदगी दर्ज कराई। क्षेत्रीय पार्षद राहुल झाम्ब ने बताया कि मामले में शक के आधार पर पड़ोस में रहने वाली एक महिला से पुलिस ने पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला ने बच्चे को बेहोश कर पूर्वी यमुना नहर में फेंकने की बात स्वीकार की। इसके बाद कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पुलिस टीम के साथ महिला को मौके पर लेकर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से नहर में कई घंटों तक तलाश कराई गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस के अनुसार संबंधित महिला लगातार अपने बयान बदल रही है और जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। वहीं, गुमशुदा बच्चे के परिजन भी फिलहाल कुछ स्पष्ट बोलने से बच रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा होने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी है। क्षेत्रीय पार्षद राहुल झाम्ब ने बताया पुलिस लगातार बच्चे की तलाश में रेसक्यू अभियान चला रही है, लेकिन किसी प्रकार से भी सफलता नहीं मिली है परिजन अनहोनी की आशंका के चलते भयभीत कर हो रहे है।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़